Published on: 16 Jul 2026
*आईजीयू के कुलपति ने विभागाध्यक्षों की बैठक लेकर नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा की।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर (रेवाड़ी) के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्षों की बैठक लेकर नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह तथा अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. सुनील कुमार भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने सभी विभागाध्यक्षों को गत शैक्षणिक सत्र के सफल समापन पर बधाई देते हुए नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए प्रभावी एवं प्रेरणादायी ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं तथा भविष्य के अवसरों की समुचित जानकारी मिल सके।
कुलपति ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों तथा पाठ्यचर्या (सिलेबस) में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रमों को रोजगारोन्मुख, कौशल-आधारित तथा उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने वाला बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई स्कीम एवं संशोधित सिलेबस वर्तमान शैक्षणिक सत्र से ही लागू किए जाएंगे।
प्रो. मिगलानी ने सभी शिक्षकों से समय की पाबंदी सुनिश्चित करने, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण कक्षाएँ संचालित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विभागों को पूर्व छात्र (एलुमनी) के साथ निरंतर संवाद एवं नियमित बैठकों के आयोजन पर भी विशेष बल दिया।
बैठक में परीक्षा सुधारों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। कुलपति ने समयबद्ध परीक्षा परिणाम घोषित करने तथा प्रत्येक निर्णय में विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के साथ समन्वय बढ़ाने तथा विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में उपलब्ध उच्च शिक्षा एवं करियर की संभावनाओं के संबंध में व्यापक जानकारी प्रदान करने का भी आह्वान किया।